World · BREAKING
एटीएम कार्ड बदलकर 60 हजार निकाले, दो युवक गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
गोह (औरंगाबाद) गोह पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को गोह बस स्टैंड के पास स्थित एसबीआई एटीएम में उपहारा थाना क्षेत्र के हमीदनगर गांव निवासी योगेंद्र राम की पत्नी सुमित्रा देवी पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उनका कार्ड बदल दिया और बाद में उनके खाते से 60 हजार रुपये की निकासी कर लिया। इसे लेकर पीड़ित महिला के बयान पर 11 अगस्त को गोह थाने में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार युवकों की पहचान गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव निवासी स्व. अर्जुन सिंह के पुत्र शिबू सिंह और स्व. कृष्णा मालाकार के पुत्र सोनू मालाकार के रूप में हुई है। घटना में प्रयुक्त एक अपाची बाइक को भी जब्त किया गया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य घटनाओं में इनकी संलिप्तता खंगाल रही है। उन्होंने आगे बताया कि पूछताछ में अन्य सक्रिय गिरोह का इनपुट मिला है, आगे भी जांच जारी है।