World · BREAKING
मानसिक रूप से विक्षिप्त पोता ने दादा की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या

जनता की आवाज
ओबरा थाना क्षेत्र के रतनपुर पंचायत अंतर्गत लोकन बिगहा (अतरौली) गांव में सोमवार की सुबह एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे 19 वर्षीय युवक ने अपने ही दादा पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इधर घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक का पहचान लोकन बिगहा निवासी सुरेश सिंह यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोमवार की प्रातः करीब तीन बजे सुरेश सिंह यादव अपने पुत्र संजय कुमार के साथ रवि कुमार के मुर्गा फार्म पर सो रहे थे। इसी दौरान संजय कुमार का 19 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार जो मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है वहां पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा। बताया जाता है कि जब अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया तो उसने दरवाजा तोड़ दिया और हाथ में लिए डंडे से अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से साथ में सो रहे संजय कुमार किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक सुरेश सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हमले में उनके दोनों पैर और एक हाथ बुरी तरह टूट गए थे। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरेश सिंह यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई दीपक कुमार एवं एएसआई अरुण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा, पूर्व प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, मदन यादव, परीखा यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल एवं मृतक के घर पहुंच शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी तथा दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।